अम्बेडकरनगर । महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया । सभी चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने भारत की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके बाद सभी ने प्रभात फेरी निकालते हुए ऑडिटोरियम पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता की।

ऑडिटोरियम में कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के साथ हुआ। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार ने प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का प्रयोग करते समय यह ध्यान रखना चाहिए कि हमारी स्वतंत्रता से किसी दूसरे व्यक्ति की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रभावित न हो। उन्होंने जाति एवं धर्म से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में कार्य करने की अपील की तथा समाज में आज भी मौजूद छुआछूत जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने के लिए आत्मचिंतन की आवश्यकता बताई।

प्रधानाचार्य ने मेडिकल कॉलेज की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि ओपीडी का समय बढ़ाए जाने से मरीजों को काफी लाभ हुआ है। वर्तमान में ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या 2300 से अधिक पहुंच रही है तथा अस्पताल में 100 प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी जैसी उपलब्धियां चिकित्सा सेवाओं के प्रति पूरे संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। उन्होंने इसके लिए चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को बधाई दी।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी हमें असंख्य बलिदानों के बाद मिली है। इसे अपने कर्तव्यों के निर्वहन के माध्यम से बनाए रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों से अस्पताल आने वाले मरीजों के साथ सद्व्यवहार करने तथा धैर्यपूर्वक उनकी समस्याएं सुनने की अपील की।
मुख्य प्रॉक्टर डॉ. प्रमोद यादव ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले महान बलिदानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि जिन स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस भारत का सपना देखा था, क्या हम वैसा समाज बना पाए हैं, इस पर प्रत्येक व्यक्ति को आत्मचिंतन करना चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों को ‘व्हाइट कोट आर्मी’ की संज्ञा देते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करने की अपील की।
इसके बाद डीएमएलटी की छात्रा पायल चौधरी ने आजादी के बाद देश में हुए विकास कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत विकासशील राष्ट्र से वैश्विक शक्ति बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत वंदे मातरम् की प्रस्तुति दी, जबकि पैरामेडिकल छात्राओं ने आकर्षक समूह नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान पिछले एक सप्ताह में शासन के निर्देशानुसार आयोजित विभिन्न स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों की झलकियों पर आधारित वीडियो भी प्रदर्शित किया गया।
समारोह के अंत में अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सा शिक्षकों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही जनपद अंबेडकरनगर से नीट में चयनित विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र एवं बैज पहनाकर उनके माता-पिता के साथ सम्मानित किया गया।चयनित छात्र छात्राओं के माता पिता ने प्रधानाचार्य जी के इस कदम की भूरि भूरि प्रशंसा की |
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय आर्य एवं डॉ. पारुल यादव ने किया।धन्यवाद ज्ञापन डॉक्टर पंकज ने किया| समारोह के आयोजन में कॉलेज की कल्चरल कमेटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन को सफल बनाने में प्रधानाचार्य जी की धर्मपत्नी श्रीमती दीप्ति यादव, नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अमित पटेल, डा विजय यादव प्रोफेसर बाल रोग विभाग एवं त्वचा रोग विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन के उपरांत प्रधानाचार्य जी के द्वारा मरीजों को मिष्ठान वितरण किया गया और साथ ही नेत्र रोग विभाग में कॉर्नियल अल्सर वार्ड का उद्घाटन भी किया गया |




