अंबेडकरनगर। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज में एक फर्जी डॉक्टर पकड़ा गया है। मेडिकल कॉलेज के सुरक्षा कर्मियों ने इस फर्जी डॉक्टर को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया है ।
मिली जानकारी के मुताबिक एक युवक सर पर हेड कैप और मास्क लगा कर अस्पताल के ओपीडी में जा कर जूनियर डॉक्टरों और नर्सों से खुद को डॉक्टर बता कर वहां के बारे में पूछताछ कर रहा था। यही नहीं गायनी विभाग के ओटी तक पहुंच गया। मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों को शक तब हुआ जब वह मानसिक विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ अमित गुप्ता की कुर्सी पर बैठ गया और खुद को मानसिक विभाग का डॉक्टर बताने लगा। वह जिस विभाग में जाता था वहां यह बताता था कि उसकी पोस्टिंग अभी जल्दी ही हुई है। जब इसकी फोटो को डॉक्टर अमित गुप्ता को दिखाया गया तो उन्होंने बताया कि ये हमारे विभाग का डॉक्टर ही नहीं है । सुरक्षा कर्मियों ने जब पकड़ कर कड़ाई से पूछा तो उसने कबूल किया कि वह फर्जी डॉक्टर है और पूर्व में भी कई अस्पतालों में डॉक्टर बन कर घूम चुका है। सुरक्षा कर्मियों ने इसे पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया है। मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ बृजेश कुमार ने बताया कि फर्जी चिकित्सक बन कर घूम रहे व्यक्ति को सुरक्षा कर्मियों ने पुलिस को सौंप दिया है । मेडिकल कॉलेज के चौकी प्रभारी रवीश कुमार ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के सुरक्षा कर्मी एक व्यक्ति को पकड़ के लाए हैं लेकिन अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, पकड़े गए व्यक्ति के नाम और पता का तस्दीक किया जा रहा है ।