अम्बेडकरनगर। अम्बेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर ग्रामीणों के दो गुटों में विवाद होते होते बच गया । स्थानीय प्रशासन की सूझ बूझ से एक बड़ा विवाद टल गया । मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थापित की जा रही प्रतिमा को हटवा दिया है ।सपा सांसद लालजी वर्मा ने प्रतिमा को लगाने की मांग की है ।
मामला टांडा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुस्काबाद का है । बताया जा रहा है कि गांव के बाहर काफी दिनों से लोहे की टीन शेड से बना अम्बेडकर की एक प्रतिमा लगी थी । उसी जगह पर ही टीन शेड की प्रतिमा हटा कर पत्थर की एक विशाल प्रतिमा लगाई जा रही थी । जिसका विरोध गांव के कुछ लोगों ने किया । अम्बेडकर प्रतिमा के स्थापना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा बुझा कर नई प्रतिमा को हटवा दिया । टांडा कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि पहले टीन शेड की प्रतिमा लगी थी वहीं अब पत्थर की प्रतिमा लगाई जा रही थी जिसे हटवा दिया गया है । गांव में पूरी तरह शांति है ।

सपा सांसद लालजी वर्मा ने अम्बेडकर प्रतिमा हटाने का विरोध करते हुए कहा कि जब पहले से प्रतिमा लगी थी और उसी स्थान पर नई प्रतिमा लग रही थी तो उसको हटाना गलत है । मेरी प्रशासन से मांग है कि अम्बेडकर की प्रतिमा दोबारा लगवाई जाय।





