अम्बेडकरनगर—जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जमुनीपुर नहर के पास महाये गांव में गेहूं के खेतों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कई किसानों की मेहनत जलकर राख हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, अज्ञात कारणों से लगी इस आग को सबसे पहले आसपास के लोगों ने देखा। धुआं उठता देख ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने में जुट गए। वहीं घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई।
आग लगने के दौरान तेज हवा चल रही थी, जिसकी वजह से लपटें तेजी से फैलती चली गईं और महाये गांव के रहने वाले रामसुंदर, विनोद, प्रमोद, रामदेव और गोविंद समेत करीब आधा दर्जन किसानों के खेत इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में लगभग 6 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम और ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।





