
अम्बेडकरनगर । शासन के निर्देशों के क्रम में राजेश कुमार मंडलायुक्त अयोध्या मंडल द्वारा अपर आयुक्त अयोध्या मंडल अयोध्या अजयकांत सैनी के साथ जनपद अम्बेडकरनगर के कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों एवं पटलों सहित तहसील अकबरपुर तथा कार्यालय खंड विकास अधिकारी अकबरपुर का विस्तृत एवं सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पटल प्रभारियों से उनके द्वारा संपादित कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा कार्य निष्पादन की गुणवत्ता, अभिलेखों के संधारण एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया ।
कलेक्ट्रेट निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अभिलेखागार, संग्रह अनुभाग, नजारत अनुभाग, खनन अनुभाग, संयुक्त कार्यालय, आंग्ल अभिलेखागार एवं न्यायिक अभिलेखागार सहित विभिन्न अनुभागों उनके पटलों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने हैसियत प्रमाणपत्र, आर्थिक सहायता प्रकरण, कार्मिकों एवं अधिकारियों की सेवा पुस्तिकाओं (सर्विस बुक) की अद्यतन स्थिति तथा पत्रावलियों के सुव्यवस्थित रख-रखाव का गहन परीक्षण किया। विभिन्न न्यायालयों का भी निरीक्षण करते हुए उन्होंने न्यायिक कार्यवाही की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों का संधारण एवं अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
इससे पूर्व आयुक्त द्वारा क्रमशः तहसील अकबरपुर एवं विकासखंड अकबरपुर का निरीक्षण किया गया। तहसील अकबरपुर में उपजिलाधिकारी अकबरपुर द्वारा पत्रों को ई-फाइलिंग करने और प्रपत्रों को संरक्षित किए जाने संबंधी नवाचार की उन्होंने विशेष सराहना की। साथ ही तहसील से कलेक्ट्रेट को प्रेषित की जाने वाली पत्रावलियों को निर्धारित समयावधि में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ एवं समयबद्ध बनाने के निर्देश दिए।

विकासखंड अकबरपुर के निरीक्षण के दौरान भवन एवं कार्यालय परिसर की स्वच्छता, सुव्यवस्था तथा आईएसओ प्रमाणन प्राप्त होने पर आयुक्त ने मुख्य विकास अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी की प्रशंसा की। उन्होंने मनरेगा से संबंधित पत्रावलियों के संधारण को और अधिक सुव्यवस्थित करने तथा स्टॉक रजिस्टर का नियमित सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिया ।
इस अवसर पर अनुपम शुक्ला जिलाधिकारी, आनंद कुमार शुक्ला मुख्य विकास अधिकारी, ज्योत्स्ना बंधु अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), रंजीत सिंह अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





