अंबेडकरनगर। जिले के मालीपुर थाना क्षेत्र में गत एक सप्ताह के अंदर संदिग्ध मौत की दूसरी घटना सामने आई है। दोनों ही वारदातों में परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाया गया है ।दोनों ही वारदात को लेकर एक चीज की समानता है कि दोनों ही मृतक अपने घर पर अकेले थे । पुलिस दोनों ही वारदातों की जांच कर रही है ।
पहली घटना सोलह अगस्त को सामने आई । जब ग्राम रूढ़ा धवरुआ में घर के अंदर अकेले सो रही वृद्ध महिला का शव मिला था । यह महिला आईपीएस अधिकारी आशुतो मिश्रा की मां थी । परिजन ने इनके साथ लूट और हत्या का आरोप लगाया था । लूट का सामान अभी बरामद नहीं हुआ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बिसर सुरक्षित है । पुलिस अभी इस मामले की गुत्थी सुलझा भी नहीं पाई थी कि यहां से चंद दूरी पर ही आज एक और घटना हो गई ।

दूसरी घटना आज मालीपुर थाना क्षेत्र के ही तेनुआ गांव में हुई । जहां आज सुबह अपने निर्माणाधीन घर के बरामदे में सो रहे अजय शुक्ला का शव मिला। बताया जा रहा है कि अजय शुक्ला की हत्या की गई है । सीओ अनूप कुमार सिंह ने बताया कि अजय शुक्ला घर में अकेले रहते थे । प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि गमछा से गला घोट कर हत्या की गई । मौके से एक कुल्हाड़ी और चाकू बरामद हुआ है। चाकू पर खून के निशान भी हैं।
कौन है जो घर में अकेले रहने वालों को बना रहा है निशाना…
एक सप्ताह और एक ही थाना क्षेत्र में हुई दो वारदात और इन दोनों की एक समानता क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ। दोनों ही घटना में एक समानता है कि दोनों ही मृतक अपने घर पर अकेले थे । दोनों ही घटनाएं किसके द्वारा की गई हैं पुलिस इसकी जांच कर रही है।




