आकाशीय बिजली से एक की मौत, दो घायल
On: August 29, 2026 12:09 PM
---Advertisement---
अंबेडकरनगर । इब्राहिमपुर के परसन का पूरा गांव में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोग झुलसकर घायल हो गए। हादसे में 14 वर्षीय किशोर उमेश कनौजिया की इलाज के दौरान मौत हो गई है। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में चल रहा है।
गांव निवासी रामदेव कनौजिया के नाती-नातिन शनिवार दोपहर घर के बाहर इमली के पेड़ के नीचे बैठे थे। इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए जैसे ही सभी घर के भीतर जाने लगे, तभी तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से रामदेव के पुत्र उपेंद्र की 17 वर्षीय बेटी लक्ष्मी और 14 वर्षीय पुत्र उमेश गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं, उनके साथ खेल रही 21 वर्षीय रंजो पुत्री गेना देवी भी बिजली की चपेट में आकर घायल हो गई। रंजो रक्षाबंधन के त्योहार पर अपने ननिहाल आई हुई थी।
आकाशीय बिजली की चपेट में आने के बावजूद रंजो ने किसी तरह शोर मचाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। आवाज सुनकर घर की महिलाएं मौके पर पहुंचीं तो दोनों बच्चे जमीन पर गिरे तड़प रहे थे। रंजो ने भी उनकी मदद करते हुए बच्चों को घर के भीतर पहुंचाने में सहयोग किया, लेकिन इसके बाद वह स्वयं बेहोश होकर गिर पड़ी। परिजन आनन-फानन में तीनों को लेकर मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर पहुंचे, जहां उमेश की मौत हो गई है ।
इब्राहिमपुर थानाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को नहीं मिली है। परिजनों की ओर से सूचना मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।