अंबेडकरनगर । बुलडोजर कांड में खाकी वालों पर बड़ी कार्रवाई हुई है । नगर कोतवाल,हल्का दरोगा और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है । कोतवाल के खिलाफ विभागीय जांच भी बैठाई गई है ।

मामला अकबरपुर कोतवाली से जुड़ा है । दो दिन पहले आधी रात को नकाबपोश दबंगों ने आधा दर्जन से अधिक दुकानों पर बुलडोजर चला दिया । जिस दुकान के सहारे तकरीबन बीस साल से लोगों की जिंदगी चल रही थी उसी दुकान को जमीदोंज कर खंडहर बना दिया गया । बताया जा रहा है कुछ परिवार यहां रहते भी थे । प्रशासन और पुलिस से बेखौफ दबंग रात के अंधेरे में बुलडोजर चला कर तांडव मचा कर चले गए । अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र बरियावन बाजार से किछौछा मार्ग पर कई परिवार वर्षों से दुकान बना कर अपनी रोजी रोटी चला रहे थे । स्थानीय लोगों के मुताबिक रात्रि में बड़ी संख्या में नकाबपोश दबंग बुलडोजर ले कर आए और देखते ही देखते इन दुकानों को जमीदोंज कर दिया । बताया जा रहा है कि इनके पास तीन बुलडोजर था ।सूचना पर एसडीएम प्रतीक्षा सिंह और सीओ नीतीश कुमार ने घटना स्थल का निरीक्षण भी किया था ।

बताया जा रहा है कि भूमाफियाओं के बुलडोजर आतंक की खबर जब शासन तक पहुंची तो पुलिस महकमे में हरकत शुरू हुई । सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शासन से एल आई यू रिपोर्ट मांगी गई साथ ही पीड़ितों का जाति वार ब्यौरा भी मांगा गया । शासन की सख्ती के बाद एसपी प्राची सिंह ने ये कार्रवाई की।
एसपी प्राची सिंह ने कोतवाल संतोष सिंह, हल्का दरोगा अजय कुमार, सिपाही संतोष पांडे और उपेंद्र यादव को सस्पेंड कर दिया है । कोतवाल के खिलाफ विभागीय जांच भी बैठाई गई है ।





