अंबेडकरनगर । महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज में दलालों का कॉकस लगातार बढ़ता जा रहा है । चोरी छुपे घूमने वाले दलाल अब खुले आम मरीजों और तीमारदारों को बाहर के जांच सेंटर और मेडिकल स्टोर का कार्ड पकड़ा रहे हैं। यदि लेने से कोई इंकार करे तो जबरन उसके जेब में डाल देते हैं। सब कुछ सीसीटीवी और सुरक्षा कर्मियों के नजरों के सामने होता है लेकिन प्रशासन आँख मूंदे बैठा है ।मेडिकल कॉलेज की वायरल ऐसी ही एक वीडियो पूरी व्यवस्था की पोल खोल रही है ।
दो अलग अलग तस्वीरों में आफ साफ तौर पर देख सकते हैं किस तरीके से दो आदमी अस्पताल के इमरजेंसी और ओपीडी गेट के पोर्च में खड़े हो कर कार्ड बांट रहे हैं । ये घटना कोई एक दिन की नहीं है अस्पताल के समय अंदर से लेकर बाहर तक दलालों का कॉक्स लगा रहता है । ये दलाल पहले मरीज और उसके तीमारदार पर नजर बनाए रहते हैं । गांव से आई भोली भाली जनता को गुमराह करते हैं । कम पैसों में जांच और दवा दिलाने का लालच देते हैं । जो लोग इनका पर्चा लेने से इनकार करते हैं उसके पीछे पीछे कुछ दूर तक लगे रहते हैं। यही नहीं कुछ लोगों के जेब में जबरन कार्ड डाल देते हैं । ये सब काम धड़ल्ले से होता है और सुरक्षा कर्मी मुंह फेरे रहते हैं।
मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा के लिए आर्मी के रिटायर्ड जवानों को रखा गया है । मेडिकल कॉलेज के गेट से लेकर इमरजेंसी और ओपीडी सहित अस्पताल के महत्वपूर्ण और भीड़ भाड़ वाले इलाके में इनकी तैनाती है। यही नहीं जगह जगह सीसीटीवी कैमरा लगा है । पुलिस के जवान भी टहलते रहते हैं । लेकिन दलाल बेखौफ अपने मंसूबों को अंजाम दे रहे हैं ।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ मुकेश कुमार यादव ने कहा कि सिक्योरिटी के सुपरवाइजर से इस मामले की जांच कराएंगे ।




