अम्बेडकरनगर। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज में प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव द्वारा Addiction Treatment Facility (ATF) Wing (नशामुक्ति केंद्र) का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर गंभीर मानसिक रोगियों के उपचार में अत्यंत महत्वपूर्ण इलेक्ट्रोकन्वल्सिव थेरेपी (ECT) की सुविधा तथा मल्टी बिहेवियरल सेक्स थेरेपी मशीन का भी प्रधानाचार्य महोदय द्वारा उद्घाटन किया गया।

महाविद्यालय में नवीन उपचार सुविधाओं के माध्यम से गंभीर मानसिक रोगों से पीड़ित मरीजों को आधुनिक एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, यौन स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं, जैसे स्वप्नदोष एवं अन्य यौन संबंधी समस्याओं से परेशान लोगों को भी वैज्ञानिक एवं चिकित्सकीय परामर्श तथा उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है ताकि लोग झोलाछाप चिकित्सकों अथवा अप्रमाणित उपचार के चक्कर में न पड़ें और उचित चिकित्सा सुविधा प्राप्त कर सकें।

एटीएफ विंग का शुभारंभ एनडीडीटीसी, एम्स नई दिल्ली के सहयोग एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के समर्थन से किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ब्रजेश कुमार सहित महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, चिकित्सक, अधिकारी, कर्मचारी, इंटर्न्स एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे। मीडिया प्रभारी एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।





